सलीम शेरवानी द्वारा समर्थन देने की अफवाह फैलाने वाले पर मुकदमा

सलीम शेरवानी द्वारा समर्थन देने की अफवाह फैलाने वाले पर मुकदमा

बदायूं लोकसभा क्षेत्र में कुछेक स्थानों पर अव्यवस्थाओं के बीच सुबह निर्धारित समय पर मतदान शुरू हो गया। सुबह ही समाजवादी पार्टी की शिकायत पर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने दल-बल के साथ कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को हिरासत में लेने के लिए आवास-विकास कॉलोनी में छापा मारा, वे तो नहीं मिले पर, कई स्थानों पर सपा-भाजपा के कार्यकर्ताओं में उबाल आ गया। कुछेक क्षेत्रों में दिन भर सपा-भाजपा कार्यकर्ता एवं नेता एक-दूसरे पर मनमानी करने का आरोप लगाते रहे।

तमाम स्थानों पर ईवीएम खराब हो गईं, जहाँ ईवीएम बदलवाने के कारण मतदान प्रक्रिया देरी से शुरू हुई एवं कुछेक स्थानों पर बीच में मतदान रोकना पड़ा। कुछेक स्थानों पर पोलिंग पार्टियों के कर्मचारी भी आरोपों के घेरे में में आये। नूरपुर पिनौनी में एक कर्मचारी साईकिल का बटन दबाने को कह रहा था, जिसे शिकायत के बाद बदल दिया गया। गुन्नौर विधान सभा क्षेत्र के रजपुरा ब्लॉक में सपा का पक्ष लेने पर भाजपाईयों ने पीठासीन अफसर को पीट दिया। बिल्सी विधान सभा क्षेत्र में पुलिस कर्मियों पर भाजपा के समर्थक को पीटने का आरोप लगा है, वहीं संघमित्रा मौर्य ने अपने साथ अभद्रता होने की बात कही है एवं सपा की ओर से भाजपाईयों पर पुलिस-प्रशासन का दुरूपयोग करने का आरोप लगाया जा रहा है। संघमित्रा मौर्य, धर्मेन्द्र यादव और सलीम इकबाल शेरवानी क्षेत्र लगातार भ्रमण करते नजर आये।

शहर में पब्लिक स्कूल पर वोट डालने पहुंचे कांग्रेस के प्रांतीय प्रवक्ता आबिद रजा ने सपा के लहराते झंडे पर आपत्ति दर्ज करा दी तो, उसे तत्काल उतरवा दिया गया, इस सबके बीच कांग्रेस प्रत्याशी सलीम इकबाल शेरवानी द्वारा समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की अफवाह फैला दी गई। हालाँकि फोन और वीडियो मैसेज से सलीम इकबाल शेरवानी ने अफवाह को तत्काल रोकने का प्रयास किया पर, अफवाह के चलते उनका बड़ा नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। भानु यादव नाम के युवक के विरुद्ध सदर कोतवाली में नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। छुट-पुट घटनाओं को छोड़ दिया जाये तो, अधिकांश स्थानों पर मतदान शांति पूर्ण तरीके से ही चलता रहा।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply