भाजपा प्रत्याशी के बेटे ने सपाई बलवीर व नरोत्तम के विरुद्ध दिया प्रार्थना पत्र

भाजपा प्रत्याशी के बेटे ने सपाई बलवीर व नरोत्तम के विरुद्ध दिया प्रार्थना पत्र

बदायूं जिले में स्थानीय नगर निकाय चुनाव के चलते राजनैतिक प्रतिद्वन्दता घनघोर दुश्मनी में परिवर्तित होती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बड़े नेताओं पर भी जघन्य आरोप लगने लगे हैं। भाजपा प्रत्याशी के बेटे ने सपा के सचिव बलवीर सिंह यादव और लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नरोत्तम सिंह यादव के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है।

बदायूं नगर पालिका परिषद में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी दीपमाला गोयल के पुत्र अनंत सिंह गोयल का आरोप है कि वह समर्थकों के साथ मोहल्ला नेकपुर के आदर्श नगर क्षेत्र में प्रचार कर के लौट रहा था, तभी समाजवादी पार्टी के सचिव बलवीर सिंह यादव और लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नरोत्तम सिंह यादव ने रास्ता रोक लिया, वे जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने का प्रयास करने लगे, साथ ही कहा कि पिछली बार की ही तरह बूथ पर लूट-पाट करेंगे, रोक सको, तो रोक लेना। प्रार्थना पत्र में शशांक यादव का भी नाम है, जिसकी पुलिस जाँच कर रही है।

पुलिस ने नरोत्तम सिंह यादव को चेतावनी कार्ड भी दिया है, इस सब पर उन्होंने कहा कि वे अनंत सिंह गोयल को जानते तक नहीं हैं और न ही कभी मिले हैं, सभी आरोप झूठे हैं। सपा कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित करने के लिए पुलिस को फर्जी तहरीर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस भी भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह कार्य कर रही है, जिससे पुलिस से निष्पक्षता की आशा भी नहीं की जा सकती।

सदर क्षेत्र के निवर्तमान विधायक पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा का कहना है कि भाजपा स्वयं को हिंदुओं का प्रतिनिधि कहती है, जबकि उसका जनाधार हिंदुओं में ही नहीं बचा है, जिससे चिढ़ कर शहर और जिले भर के हिन्दू भाईयों पर कार्रवाई करा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा से हिंदू भाई चुनाव में बदला लेंगे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply