बब्बू भैया ने बचाई सांसद की लाज, इस्लामनगर में अविश्वास प्रस्ताव पारित

बब्बू भैया ने बचाई सांसद की लाज, इस्लामनगर में अविश्वास प्रस्ताव पारित

बदायूं लोकसभा क्षेत्र की भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य की विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया'” ने लाज बचा ली। जिले के इस्लामनगर ब्लॉक प्रमुख के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” के प्रयासों के चलते पारित हो गया। सपा नेता ब्रजेश यादव ने सत्ता के दुरूपयोग का आरोप लगाया है।

इस्लामनगर ब्लॉक प्रमुख के विरुद्ध भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य के साथ जाकर क्षेत्र पंचायत सदस्य अनुपम सिंह द्वारा डीएम कुमार प्रशांत को अविश्वास प्रस्ताव दिया गया था। डीएम कुमार प्रशांत ने मतदान की तिथि 18 जनवरी निर्धारित की थी लेकिन, बिल्सी के उप-जिलाधिकारी के अस्वस्थ हो जाने के कारण तिथि आगे बढ़ा दी गई थी। हालाँकि ब्रजेश यादव ने सत्ता के दबाव में तिथि हटाने का आरोप लगाया था। सूत्रों का कहना है कि लगभग 40 सदस्य समाजवादी पार्टी के पाले में थे।

सांसद संघमित्रा मौर्य प्रस्ताव दिला कर अलग हो गईं, जिससे सपा हावी हो गई। सपा के हावी होने की जानकारी भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” को लगी तो, उन्होंने खुल कर मोर्चा संभाल लिया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह भी सक्रिय हो गये, जिससे जिलाध्यक्ष अशोक भारती, विधायक धर्मेन्द्र शाक्य और विधायक कुशाग्र सागर भी रूचि लेने लगे। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री योगेन्द्र सागर ने तीन सदस्य सपा से झटक कर अनुपम सिंह के हवाले कर दिए। भाजपा के प्रांतीय उपाध्यक्ष व दर्जा राज्यमंत्री वीएल वर्मा एवं राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने भी संबंधित अफसरों को पारदर्शी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए थे।

सोमवार को निर्धारित समय से पूर्व ही विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” इस्लामनगर ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंच गये, उनके पहुंचते ही सब कुछ अनुपम सिंह के पक्ष में हो गया। कुल 68 मतों में 36 अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में और 1 मत विरोध में गया। 31 सदस्य अनुपस्थित रहे। बता दें कि ठा. श्रीपाल सिंह और उनकी पत्नी मनोरमा सिंह, उनके बड़े भाई स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह “वकील साहब” भी ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। अनुपम सिंह ठा. श्रीपाल सिंह के भतीजे की पत्नी हैं, जिससे क्षेत्र में ठा. श्रीपाल सिंह की वाह-वाह हो गई है।

उधर सपा नेता ब्रजेश यादव ने पुलिस-प्रशासन पर सदस्यों को धमकाने का आरोप लगाया है, उनका यह भी आरोप है कि भाजपा द्वारा सत्ता का खुला दुरूपयोग किया गया है। आम जनता देख रही है और वह आम चुनाव में बदला लेने को आतुर है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply