भाजपाईयों के निशाने पर फिर आये बिजली विभाग के भ्रष्ट अफसर

भाजपाईयों के निशाने पर फिर आये बिजली विभाग के भ्रष्ट अफसर

बदायूं जिले में बिजली विभाग के हालातों में सुधार नहीं हो पा रहा है। भ्रष्टाचार और लापरवाही के चलते बिजली विभाग के अफसर भाजपाईयों के निशाने पर आज फिर आ गये। विभागीय अफसर भाजपा जिलाध्यक्ष सहित तमाम कार्यकर्ताओं पर विभिन्न आरोप लगा रहे हैं। घटना के चलते विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

बताते हैं कि भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायतों की भरमार हो गई, तो पीड़ितों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश कुमार शाक्य बिजली विभाग में पहुंच गये और प्रथम खंड के अधिशासी अभियंता विजेंद्र सिंह से पूछने लगे कि वे गाँव के गरीबों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर क्यों नहीं कर रहे हैं, सुबह से शाम तक उनके यहाँ सर्वाधिक पीड़ित बिजली विभाग के ही पहुंच रहे हैं, इससे भाजपा सरकार की छवि खराब हो रही है, इस पर ईई विजेंद्र सिंह ने नकारात्मक जवाब दिया, तो साथ गये लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया, जिसके बाद जिलाध्यक्ष हरीश कुमार शाक्य लोगों को समझा कर लौट गये।

हरीश कुमार शाक्य के जाने के बाद ईई विजेंद्र सिंह और जेई पवन कुमार कहने लगे कि उन्हें हरीश कुमार शाक्य और उनके साथ आये तमाम भाजपाईयों ने पीटा है। कार्यालय का फर्नीचर भी तोड़ दिया गया है। पवन कुमार का कहना है कि उनकी अंगुली भी टूट गई है। जिलाध्यक्ष हरीश कुमार शाक्य अफसरों के आरोपों को मनगढ़ंत करार दे रहे हैं। बोले- काम करने की आदत छूट गई है। रिश्वत के अलावा और किसी कार्य पर ध्यान ही नहीं देते, यह सब छुपाने के लिए मारपीट करने का फर्जी आरोप मढ़ रहे हैं।

यह भी बता दें कि 30 नवंबर 2017 को भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष जितेन्द्र सक्सेना ने भी बिजली विभाग के भ्रष्ट व लापरवाह कर्मचारियों को कार्यालय पर जाकर जमकर हड़काया था, इसके बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ, तभी जिलाध्यक्ष हरीश कुमार शाक्य को कार्यालय जाना पड़ा।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

पढ़ें: जेके सक्सेना ने भ्रष्ट और लापरवाह कर्मचारियों को जमकर हड़काया

Leave a Reply