गौतम संदेश के साहित्यिक संवाद राम संदेश ने मोह लिया सबका मन, झूम उठे श्रोता

गौतम संदेश के साहित्यिक संवाद राम संदेश ने मोह लिया सबका मन, झूम उठे श्रोता

बदायूं क्लब में हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र गौतम संदेश द्वारा आयोजित किये गये साहित्यिक संवाद राम संदेश के प्रथम सत्र का शुभारंभ सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, अति विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, भाजपा महामंत्री पंडित शारदाकांत “सीकू भैया” और पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष हरीश कुमार शाक्य ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सर्व प्रथम केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा को उनकी अद्भुत राजनैतिक यात्रा और अद्भुत व्यवहार कुशलता को लेकर शिखर पुरुष सम्मान दिया गया, उन्हें कारगिल के अमर शहीद ठा. हरिओम सिंह की पत्नी गुड्डो देवी ने सम्मान भेंट किया।

सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य अपने कार्य और व्यवहार से आम जनता के बीच बेहद लोकप्रिय हैं, साथ ही अपनी तेजतर्रार छवि के लिए पहचानी जाती हैं, वे गलत बात का विरोध कहीं भी और कभी भी कर देती हैं, इसको लेकर उन्हें वीरांगना सम्मान दिया गया, जो कारगिल के अमर शहीद ठा. हरिओम सिंह की पत्नी गुड्डो देवी ने ही भेंट किया। साहित्य के क्षेत्र में अद्भुत कार्य करने वालीं एवं बदायूं का नाम विश्व भर में फैला रहीं कवियत्री डॉ. सोनरूपा विशाल को सरस्वती सम्मान दिया गया, उन्हें केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता और सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने सम्मान भेंट किया।

इसी तरह सदर विधान सभा क्षेत्र के साथ जिले भर में अपने व्यवहार को लेकर युवाओं के बीच अपनी पहचान बना चुके, साथ ही आम जनता की सेवा को तत्पर रहने वाले विश्वजीत गुप्ता को युवा प्रेरणा सम्मान दिया गया, जो केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा एवं सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने भेंट किया। नगर पालिका परिषद बिल्सी के पालिकाध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय राजनीति के साथ अन्य तमाम तरह से आम जनता की रात-दिन सेवा करते हैं, वे स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य कर रहे हैं, उन्हें जनप्रिय सम्मान दिया गया लेकिन, वे डेंगू से पीड़ित होने के कारण दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती हैं, जिससे उन्हें प्रत्यक्ष रूप से सम्मानित नहीं किया जा सका, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।

नगर पालिका परिषद दातागंज के पालिकाध्यक्ष आकाश वर्मा ने बहुत कम समय में ही दातागंज क्षेत्र के साथ न सिर्फ जिले में बल्कि, लखनऊ और दिल्ली तक अपनी अलग पहचान बना ली है, जिससे उन्हें लोकप्रिय चेयरमैन सम्मान दिया गया, जो केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य द्वारा भेंट किया गया। व्यापार के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके गगनजीत वोहरा को युवा उद्यमी सम्मान और लोकप्रिय युवा व्यापारी के रूप में अनुपम गुप्ता “जिम्मी” को सम्मानित किया गया। स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए उसावां के चेयरमैन धीरेन्द्र कुमार गुप्ता “धीरू भैया” को उत्कृष्ट सेवा सम्मान दिया गया, इसी तरह रुदायन के चेयरमैन अरविंद शर्मा निजी तौर पर गायों की सेवा करने के लिए जाने जाते हैं, उन्हें भी उत्कृष्ट सेवा सम्मान दिया गया। जिला सूचना अधिकारी बाबूराम तकनीक का प्रयोग कर बेहतर ढंग से खबरें पहुँचाने को तत्पर रहते हैं, इसी तरह कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उदय राज सिंह के सेवा कार्य की मिसाल दी जाती है, इन्हें भी उत्कृष्ट सेवा सम्मान दिया गया।

वन्य जीवों की सेवा करने के लिए विकेंद्र शर्मा अपनी पहचान बना चुके हैं, उन्हें टीम के साथ उत्कृष्ट सेवा सम्मान दिया गया। यौन पीड़ित महिलाओं की मदद करने के लिए वुमेन चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी के ग्रुप को उत्कृष्ट सेवा सम्मान दिया गया। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा से बदायूं का नाम चमका रही ऋषिका गुप्ता को उत्कृष्ट सेवा सम्मान दिया गया। कोरोना काल में तीन बार स्वयं संक्रमित हुए और एक बार पूरे परिवार को संक्रमित कर दिया, ऐसे साहसिक चीफ फार्मासिस्ट तेजस्वी जौहरी को उत्कृष्ट सेवा सम्मान दिया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले समीर सक्सेना को नारद सम्मान से सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के बाद केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने गौतम संदेश के राम संदेश की प्रशंसा की एवं सम्मानित गये विशिष्ट लोगों को बधाई दी। राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने गौतम संदेश की खबरों की प्रशंसा करते हुए सम्मानित किये गये लोगों को बधाई दी। सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने उपस्थित जन-समूह का स्वागत करते हुए गुलाबी गैंग से जुड़ीं महिलाओं की प्रशंसा की एवं सम्मानित किये गये विशिष्ट लोगों को बधाई दी। पंडित शारदाकांत “सीकू भैया” ने भी जन-समूह को संबोधित किया। डॉ. अक्षत अशेष ने संचालन से अतिथियों और उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

दूसरा सत्र कवि एवं गीतकार नरेंद्र गरल की अध्यक्षता में शुरू हुआ, इनके साथ गजेंद्र प्रियांशु, शिखा सिंह, कमलेश शर्मा, सोनरूपा विशाल, डॉ. अर्जुन सिंह सिसौदिया की अद्भुत रचनाओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। संचालन कर रहे सर्वेश अस्थाना ने सभी का मन मोह लिया। गौतम संदेश के साहित्यिक संवाद राम संदेश का सर्वाधिक सराहनीय पहलू यह रहा कि श्रोताओं से अधिक कवि और कवियत्रियों को पसंद आया। कवि सम्मेलनों की गिरती साख के बीच गौतम संदेश के साहित्यिक संवाद राम संदेश ने एक अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया, इससे आयोजकों और रचनाकारों के बीच यह संदेश गया कि भाषा की गिरावट के युग में भी श्रेष्ठ साहित्यिक आयोजन किये जा सकते हैं।

सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य के बेटे साम्राज्य मौर्य ने भी कविता पाठ किया और उपस्थित लोगों को अपनी बाल कविता से मोह लिया। अंत में गौतम संदेश के संपादक बीपी गौतम ने अतिथियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में कुलदीप शर्मा, शाजेब खान, अभिषेक उपाध्याय, अनुरोध गुप्ता और आशीष गुप्ता का विशेष योगदान रहा।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply