उप-चुनावों को बिल्ली की तरह ले रही है भाजपा: राजभर

उप-चुनावों को बिल्ली की तरह ले रही है भाजपा: राजभर

बदायूं में पत्रकारों से बात करते हुए पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा उप-चुनाव को बिल्ली की तरह ले रही है। उन्होंने कहा कि जैसे बिल्ली गर्म दूध से जलने के बाद मट्ठा फूंक कर पीती है, वैसे ही गोरखपुर और फूलपुर हारने के बाद उप-चुनावों को भाजपा ले रही है, साथ ही उन्होंने कहा कि वो चुनाव अति उत्साह में हारे थे। उन्होंने सवाल पर यह भी स्पष्ट किया कि वे सरकार से नाराज नहीं हैं, वे कुछ अफसरों से नाराज हैं, जिनके बारे में मुख्यमंत्री को बताते रहते हैं, इसके अलावा उन्होंने उपलब्धियों की भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि शून्य से 5 वर्ष तक के दिव्यांग बच्चों को सुनने एवं बोलने के लिए छह लाख तक का निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। छूटे हुए दिव्यांग बच्चे ऑन लाइन आवेदन कर के प्राप्ति रसीद दिव्यांग अधिकारी कार्यालय में जमा करें। उत्तर प्रदेश परिवहन में निःशुल्क यात्रा कर सकते है। दिव्यांगों को पाँच सौ प्रति माह पेंशन दी जाएगी। किसी प्रकार का सुझाव देना हो तो, पत्र लिख सकते हैं। लड़का और लड़की को समान रूप से शिक्षा दी जाए।

बुधवार को हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इण्टर कॉलेज में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने 350 ट्राई साइकिलें, 4 व्हील चेयर, 45 जोड़ी वैशाखी एवं 17 श्रवण यंत्र दिव्यांगों को वितरित किए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए अधिक से अधिक व्यवस्था कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को उत्तर प्रदेश में 300 से बढ़ाकर 500 रुपए प्रति माह सीधे दिव्यांगों के बैंक खाते में दिया जाता है। शैल्य चिकित्सा के लिए आठ हजार से बढ़ाकर दस हजार रुपए दिए जाएंगे। विद्यालय में दिव्यांगों के भोजन के लिए 1200 रुपए प्रतिमाह अब 2000 रुपए प्रतिमाह हो गया है।

उन्होंने कहा कि शून्य से 5 वर्ष के बच्चों को सुनने एवं बोलने की सर्जरी के लिए पहले 10,000 रुपए मिलते थे लेकिन अब छह लाख रुपए मिलेंगे। दिव्यांगों के लिए कैंप लगाकर प्रतिमाह निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण करने की व्यवस्था की है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम बस में दिव्यांगों के लिए निःशुल्क यात्रा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेटा हो या बेटी, सब को एक समान शिक्षा दी जाए। दिव्यांगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश शाक्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगों के हित के लिए बहुत सारी योजनाएं चला रही है, जिससे उनको जीवन यापन करने में अब कोई समस्या नहीं होगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी सेवाराम चौधरी, अशोक भारती, पूर्णिमा गुप्ता, सीमा राठौर, युवा नेता विश्वजीत गुप्ता, सुधीर श्रीवास्तव सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply