मेहनत से खुश होकर संगठन ने महेश चंद्र गुप्ता को बनाया स्वार का प्रभारी

मेहनत से खुश होकर संगठन ने महेश चंद्र गुप्ता को बनाया स्वार का प्रभारी

बदायूं विधान सभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता की कार्यप्रणाली व मेहनत से संगठन खुश नजर आ रहा है। महेश चंद्र गुप्ता को जिला रामपुर में स्थित स्वार-टांडा विधान सभा क्षेत्र में होने वाले उप-चुनाव का प्रभारी बनाया गया है, यह क्षेत्र आजम अब्दुल्ला की सदस्यता जाने से रिक्त हुआ है।

उल्लेखनीय है कि रामपुर विधान सभा क्षेत्र से आजम खान विधायक थे, वे लोकसभा चुनाव जीत गये, जिसके बाद उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से पत्नी तंजीम फातिमा को त्याग पत्र दिला दिया था और उन्हें उप-चुनाव में सपा प्रत्याशी के रूप में खड़ा कर दिया, इस उप-चुनाव में भाजपा ने महेश चंद्र गुप्ता को प्रभारी बनाया था। उप-चुनाव के प्रचार अभियान में महेश चंद्र गुप्ता ने अपनी छाप छोड़ी थी, उनकी कड़ी मेहनत के चलते भाजपा प्रत्याशी को पहली बार उम्मीद से ज्यादा वोट मिले थे। हालाँकि विजयी तंजीम फातिमा ही हुई थीं।

रामपुर विधान सभा क्षेत्र में भाजपा की हालत बेहद खराब रहती है, इसीलिए भाजपा प्रत्याशी को सम्मानजनक अवस्था में पहुँचाने के चलते महेश चंद्र गुप्ता की सराहना की गई तभी, उन्हें पुनः स्वार-टांडा विधान सभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। बता दें कि यहाँ से आजम खान के बेटे अब्दुला आजम विधायक थे, गलत जन्मतिथि और दो पेन कार्ड रखने के प्रकरण में अब्दुल्ला आजम की सदस्यता चली गई है और फिलहाल आजम खान व तंजीम फातिमा के साथ अब्दुल्ला आजम जेल में है। ध्यान देने की विशेष बात यह भी है कि बदायूं में उनकी राजनैतिक प्रतिद्वंदिता आजम खान के बेहद करीबी आबिद रजा से रहती है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply