भाजपा सरकार में गरीब की सबसे पहले सुनी जा रही है: महेश

भाजपा सरकार में गरीब की सबसे पहले सुनी जा रही है: महेश

बदायूं जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता चौपाल लगा कर सरकार की नीतियों और योजनाओं के बारे में जनमानस को जानकारी दे रहे हैं, साथ ही जनसमस्याओं को भी सुन रहे हैं। सदर क्षेत्र से भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने चौपाल लगा कर कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी।

बदायूं विधान सभा क्षेत्र के गाँव लाही में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने चौपाल लगाई, जिसमें ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर दौड़ रहा है। जिस गरीब की कोई नहीं सुनता था, उसकी अब सबसे पहले सुनी जा रही है। दबंग, गुंडे, माफिया और बदमाश ठेला लगा कर जीवनयापन कर रहे हैं और जो नहीं सुधरे, उन्हें पुलिस ने मार गिराया या, जेल भेज दिया, जिससे प्रदेश में भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है।

भाजपा के महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद से गरीबों को सीधा लाभ मिल रहा है। भाजपा ने दलाल और माफियाओं को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। गरीबों का रुपया उनके खाते में सीधा पहुंच रहा है। युवा नेता विश्वजीत गुप्ता ने कहा कि भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार आम आदमी के साथ समाज के हर वर्ग के हित में कार्य कर रही हैं, जिससे प्रदेश और देश की अलग पहचान कायम हो रही है। उन्होंने कहा कि उनके पिता भी रात-दिन क्षेत्र के विकास के लिए ही जुटे रहते हैं। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद से पारदर्शिता बढ़ी है, अब हर बात जनता के संज्ञान में है, जिससे उनका हिस्सा कोई और नहीं हड़प सकता।

चौपाल में विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना और कई लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराया। चौपाल में विनीत पांडेय, शरद भरद्वाज के साथ अन्य तमाम प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply