सपा विधायक के नाम का खुलासा होने पर किशोरी नज़र बंद

सपा विधायक के नाम का खुलासा होने पर किशोरी नज़र बंद
  • गमगीन पिता को थाने में भी नहीं घुसने दे रही पुलिस
  • वकील और मीडिया कर्मियों को भी नहीं मिलने दिया
पीड़ित दलित किशोरी
पीड़ित दलित किशोरी

दलित परिवार की नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना में सत्ता पक्ष के विधायक के नाम का खुलासा हो जाने से पुलिस में हडकंप मच गया है। किशोरी को थाने में पूरी तरह नज़र बंद कर दिया गया है। किशोरी के पिता पर भी थाने में घुसने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस ने किशोरी को कोर्ट में आज भी पेश नहीं किया। छः दिन से पुलिस हिरासत में किशोरी की आज की रात भी थाने में ही गुजरेगी।

गुन्नौर विधान सभा क्षेत्र से सपा विधायक राम खिलाड़ी यादव
गुन्नौर विधान सभा क्षेत्र से सपा विधायक राम खिलाड़ी यादव

उल्लेखनीय है कि जिला बदायूं स्थित इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गाँव नूरपुर पिनौनी निवासी जाटव परिवार की एक नाबालिग लड़की को विदलेश यादव उर्फ प्रवेश यादव निवासी रामपुर खादर थाना रजपुरा जिला संभल किसी तरह 23 अप्रैल को साथ ले गया था, जिसका थाना इस्लामनगर में मुकदमा दर्ज है, लेकिन किशोरी की बरामदगी को लेकर पुलिस गंभीर नहीं थी। दुष्कर्म और दोहरे हत्याकांड की घटना को लेकर कटरा सआदतगंज में बसपा सुप्रीमो मायावती आईं, तो पीड़ित दंपत्ति मायावती से मिला, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई और पांच मई को किशोरी सहित मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी विद्लेश यादव को जेल भेज दिया है, लेकिन बरामद लड़की अभी महिला थाने में ही है, जबकि चौबीस घंटे के अंदर उसे भी कोर्ट में पेश करना चाहिए था। छः दिन से किशोरी का गरीब परिवार भी थाने के आसपास ही रह रहा है, लेकिन कल मीडिया के समक्ष बयान देने के बाद से किशोरी और उसके परिजनों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

किशोरी ने मंगलवार को सनसनीखेज खुलासा किया था कि उसे गुन्नौर विधान सभा क्षेत्र के सपा विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव की कोठी में बंधक बना कर रखा गया, साथ ही विधायक की कोठी पर रख कर उसे प्रताड़ित किया गया। यह खबर मीडिया में प्रसारित होने पर पुलिस ने लड़की को पूरी तरह नज़र बंद कर दिया। पुलिस किशोरी के पिता को थाने में भी नहीं घुसने दे रही है। पुलिस ने आज वकील और मीडिया कर्मियों को भी किशोरी से नहीं मिलने दिया। महिला थाने की प्रभारी का कहना है कि उन्हें ऊपर से आदेश दिया गया है कि लड़की से किसी को न मिलने दिया जाये। गमगीन पिता पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कई तरह की आशंकायें व्यक्त कर रहा है।

संबंधित खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें लिंक

दलित किशोरी बरामद, सपा विधायक की कोठी में रही बंधक

Leave a Reply