कार्यक्रम में स्वस्थ आहार, जीवन का आधार, शुद्ध खाइए, सुरक्षित खाइए का संदेश दिया

कार्यक्रम में स्वस्थ आहार, जीवन का आधार, शुद्ध खाइए, सुरक्षित खाइए का संदेश दिया

बदायूं में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग द्वारा मंगलवार को मोटे अनाज के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ईट राइट मेला लगाया गया। भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता, डीएम मनोज कुमार, एसएसपी डॉ. ओमप्रकाश सिंह, सीडीओ केशव कुमार एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया व माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मेले में मोटे अनाज से बने 32 प्रकार के व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अवलोकन करते हुए अथितियों ने उसका स्वाद लेकर प्रशंसा की। मेले में बताया गया कि मोटे अनाजों को अगर प्रयोग करने की सही विधि के साथ इस्तेमाल किया जाये तो, ग्लूटेन फ्री भोजन शरीर में पहुंचेगा। गेहूं और चावल जैसे खाद्य पदार्थ में फाइबर न होकर ग्लूटेन होता है, जो शरीर में चिकनाई बढ़ाता है, जिससे हार्ट अटैक व कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की आशंका बनी रहती है। स्वस्थ आहार, जीवन का आधार, शुद्ध खाइए, सुरक्षित खाइए, इस थीम पर खाद्य संरक्षा एवं भारतीय खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा इस ईट राइट मेले का आयोजन किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को मिलेट अनाज के बारे में जागरूक करना है। हमें अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए और पुराने तौर-तरीकों से मोटे अनाजों का सेवन करना होगा।

मुख्य अथिति भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि स्वस्थ भारत के लिए मोटे अनाज की ओर लौटना पड़ेगा, इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए 2023 को मिलेट इयर के तौर पर मनाया जा रहा है। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिकरण की पहल पर पूरे देश में खाद्य एवं औषधि विभाग ईट राइट मेले का आयोजन कर जागरुक कर रहा है, जिसमें विभिन्न प्रकार की डिशेज़ बनाई गईं हैं, खासकर बच्चों की डिशेज यहां पर बनाई गई हैं। स्वस्थ आहार जीवन का आधार की थीम पर आयोजित इस मेले में मोटे अनाज के तौर पर इस्तेमाल किये जाने वाले रागी, कोदो, सावां, मक्का, ज्वार बाजरा जैसे आठ मोटे अनाज स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।

डीएम ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष- 2023 को मोटा अनाज वर्ष के रूप में मना रहा है, जिसकी मंशा है कि मानव जीवन में विभिन्न प्रकार की बीमारियां घर करती जा रही हैं, यह भारत के लिए विशेष चिंतनीय है। जिस प्रकार भारत में डायबिटीज की बीमारी बढ़ी है, उसको देखते हुए कहा जाता कि भारत डायबिटीज की राजधानी बन गया है और सर्वाधिक मरीजों की आशंका भारत में है। यह बहुत ही चिंतनीय विषय है। प्रधानमंत्री जी ने मोटे अन्न को प्रमोट करने लिए इस कार्यक्रम को चलाया है। शरीर को सही मात्रा में पोषक तत्व न मिल पाने के कारण आज विभिन्न प्रकार की बीमारियां सामने आ रही हैं। किसान मोटे अनाज को जैविक खेती से जुडेंगे तो, अनाज में भी वृद्धि होगी। मोटे अनाज को उगाने में पानी भी कम प्रयोग होता है।

एसएसपी ने कहा कि अक्सर यह देखने में आ रहा है कि अचानक बैठे-बैठे, खेलते हुए आदि व्यक्ति की मृत्यु हो रही है, चिकित्सकों के अनुसार इसके पीछे कारण है कि हमारी खान-पान की शैली खराब हो गई है। पोषक तत्वों के असंतुलन के कारण ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, इसलिए खान-पान का विशेष ध्यान दीजिए, मोटे अनाज को खाने में प्रयोग करेंगे तो, निश्चित रूप से लाभ मिलेगा, इसके साथ प्रतिदिन व्यक्ति को कम से कम एक घंटे का व्यायाम भी करना चाहिए।

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि मोटा अनाज से पोषक तत्वों की कमी को पूरा करेगा, किसान भी मोटे अनाज की ओर लौटेंगे। सरकार की मंशा है कि किस प्रकार किसान की आमदनी दोगुनी हो। उन्होंने डीएम को कार्यक्रम की बधाई दी एवं कहा कि मोटे अनाज की खूबियों के बारे में लोगों को जानकारी हो, इसके लिए बेहतर रूप से प्रचार-प्रसार होता रहे। इनके अलावा अन्य अथितियों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा 15 गर्भवती एवं 15 माह पूर्ण करने वाले बच्चों का गोद-भराई एवं अन्नप्राशन कराया गया। सक्षम आंगनबाडी केन्द्र के अन्तर्गत विभाग द्वारा प्री-स्कूल किट एवं ग्रोथ मॉनीटरिंग डिवाइस का प्रदर्शन करते हुए इसके उपयोग के बारे में जन-सामान्य को जानकारी दी। स्वस्थ बालक-बालिका का आयोजन करते हुए 03 बालक एवं 03 बालिकाओं का चयन किया गया, जिसे जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अथितियों को उपहार स्वरूप मोटा अनाज दिया गया। मेले में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। आयोजकों ने कहा है कि आज के बच्चे केक, मोमोज़, डोसा, ढोकला और इडली जैसी चीजें पसंद करते है, इसी को ध्यान में रखकर यहां आधुनिक डिशेज को मोटे अनाज से तैयार कर उन्हें बनाने की विधि भी समझाई जा रही है। इस अवसर पर विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय कुमार सिंह, उप-जिलाधिकारी सदर सुखलाल प्रसाद वर्मा, जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह और अभिषेक उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। सहायक आयुक्त द्वितीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि चन्द्रशेखर ने सभी का आभार जताया। यह भी बता दें केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा को कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि रहना था पर, वे संसद सत्र और भाजपा मुख्यालय के विस्तार के कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण नहीं आ सके।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply