बहुत पिछड़ा है आंवला लोकसभा क्षेत्र, बस अड्डा तक नहीं है: रूचि वीरा

बहुत पिछड़ा है आंवला लोकसभा क्षेत्र, बस अड्डा तक नहीं है: रूचि वीरा

बदायूं जिले का शेखूपुर विधान सभा क्षेत्र आंवला लोकसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी रूचि वीरा ने शनिवार को मथ दिया। तूफानी दौरा कर रूचि वीरा ने कई जगह नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया और क्षेत्र में विकास कराने का दावा किया।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष यादव और बसपा के जिलाध्यक्ष लाखन सिंह के साथ भ्रमण करते समय रूचि वीरा ने कहा कि वे क्षेत्र में लगातार घूम रही हैं लेकिन, उन्हें पिछले सांसद के नाम का एक भी पत्थर नहीं दिखा। उन्होंने कहा कि आंवला में रोडवेज बस अड्डा तक नहीं है, शिक्षा का हाल खराब है। उन्होंने दावा किया कि वे क्षेत्र में विकास कार्य करायेंगी और लड़कियों की शिक्षा की व्यवस्था प्रमुखता से करायेंगी।

वे अपनों के विरोध का शिकार हो रही हैं?, इस पर उन्होंने कहा कि सपा-बसपा के सभी लोग उनके साथ हैं। आंवला लोकसभा क्षेत्र में सिर्फ मायावती ही जनसभा को संबोधित करेंगी, ऐसा क्यों?, इस पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बदायूं और बरेली में जनसभाओं को संबोधित करेंगे, उनके दो विधान सभा क्षेत्र बदायूं जिले में और तीन बरेली जिले में लगते हैं, इसलिए उनकी अलग से जनसभा आयोजित कराने की आवश्यकता महसूस नहीं की।

बाहरी प्रत्याशी के सवाल पर उन्होंने तमाम नाम गिना दिए, सलीम इक़बाल शेरवानी और संघमित्रा मौर्य के साथ नरेंद्र मोदी तक को बाहरी बता दिया, साथ ही धर्मेन्द्र यादव को बाहरी बताते हुए उन्होंने कहा कि धर्मेन्द्र यादव ने अभूतपूर्व विकास कार्य कराये हैं, वे यहाँ के लोगों के दिलों पर राज करते हैं। उन्होंने कहा कि कहीं से भी चुनाव लड़ने का उनका संवैधानिक अधिकार है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply