आंवला क्षेत्र से कुंवर सर्वराज के बेटे सिद्धराज हो सकते हैं कांग्रेस प्रत्याशी

आंवला लोकसभा क्षेत्र में गठबंधन और भाजपा के बाद कांग्रेस भी अपना योद्धा खोजने में कामयाब हो गई है। राजबब्बर की मित्रता के चलते कुंवर सर्वराज सिंह कांग्रेस की ओर मुड़ गये हैं, उन्हें प्रियंका गाँधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस में शामिल कर लिया है, जिससे क्षेत्र के राजनैतिक समीकरण एक बार फिर बदल गये हैं।

गठबंधन में आंवला लोकसभा क्षेत्र बसपा के खाते में गया है। बसपा ने रूचि वीरा को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा की ओर से धर्मेन्द्र कश्यप ही मोर्चा संभालेंगे। कांग्रेस को सशक्त प्रत्याशी नहीं मिल पा रहा था। पूर्व सांसद कुंवर सर्वराज सिंह और राजबब्बर के बीच गहरी मित्रता है। राजबब्बर से दोस्ती सर्वराज सिंह को कांग्रेस की ओर मोड़ ले गई। राजबब्बर ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया से वार्ता की, जिसके बाद सर्वराज सिंह को प्रियंका गाँधी के समक्ष कांग्रेस में शामिल करने की अनुमति मिल गई।

कुंवर सर्वराज सिंह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली पहुंच कर प्रियंका गाँधी के समक्ष कांग्रेस में शामिल हो गये। सर्वराज सिंह के कांग्रेस में शामिल होने से क्षेत्र के समीकरण बदल गये हैं, वहीं सूत्रों का कहना है कि सर्वराज सिंह चुनाव नहीं लड़ेंगे, उनके बेटे सिद्धराज सिंह चुनाव लड़ेंगे, जिन्हें कांग्रेस टिकट दे सकती है। सिद्धराज सिंह आंवला विधान सभा क्षेत्र से पिछला चुनाव लड़े थे पर, मामूली अंतर से हार गये थे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply