खेलों में पदक दिला कर खिलाड़ियों ने अमृत महोत्सव का रंग और गहरा कर दिया

खेलों में पदक दिला कर खिलाड़ियों ने अमृत महोत्सव का रंग और गहरा कर दिया

भारत ने सोमवार को संपन्न हुए बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में 22 स्वर्ण सहित 61 पदक जीतकर अपना पांचवा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत निशानेबाजी के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल नहीं होने के बावजूद 61 पदक जीतने में सफल रहा, जिसमें 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा के बाद भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2010 में किया था, उस समय खेलों का आयोजन नई दिल्ली में किया गया था। 2010 में भारत ने 38 स्वर्ण पदक सहित कुल 101 पदक जीते थे और पदक तालिका में दूसरे स्थान पर कब्जा किया था।

भारत ने मैनचेस्टर में 2002 में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों में 30 स्वर्ण पदक सहित 69 पदक जीते थे। हर चार साल में होने वाले इन खेलों में भारत का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत ने पिछली बार गोल्ड कोस्ट खेलों में 66 पदक जीते थे, जिसमें 26 स्वर्ण पदक शामिल हैं। मेलबर्न में 2006 में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारत ने 22 स्वर्ण पदक जीते थे लेकिन, तब उसके रजत पदकों की संख्या 17 थी।

भारत के प्रदर्शन की बात करें तो, भारत ने पहली बार 1934 के खेलों में हिस्सा लिया था और तब से अब तक भारत ने कुल 564 पदक अपने नाम किए हैं, जिसमें 203 गोल्ड, 189 सिल्वर और 172 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इस बार बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को पुरुष खिलाड़ियों ने 13 स्वर्ण सहित 35 पदक, जबकि महिला खिलाड़ियों ने 8 स्वर्ण सहित 23 पदक दिलाए। भारत ने मिश्रित स्पर्धाओं में तीन पदक हासिल किए, जिसमें एक स्वर्ण भी शामिल है। भारत ने कुश्ती में सर्वाधिक 12 पदक जीते हैं, जिसमें 6 स्वर्ण पदक शामिल हैं, इसके अलावा उसने टेबल टेनिस में 4 तथा वेटलिफ्टिंग, मुक्केबाजी और बैडमिंटन में 3-3 स्वर्ण पदक हासिल किए हैं।

मेजबान इंग्लैंड ने 57 स्वर्ण पदक सहित कुल 176 पदक जीते, जो कि राष्ट्रमंडल खेलों में उसका नया रिकॉर्ड है। इंग्लैंड ने इससे पहले ग्लास्गो में 2014 में खेले गए खेलों में 174 पदक जीते थे। ऑस्ट्रेलिया ने राष्ट्रमंडल खेलों में अपना दब-दबा बरकरार रखा और कुल 178 पदक जीते, जिसमें 67 स्वर्ण, 57 रजत और 54 कांस्य पदक शामिल हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply