पुलिस ने सपाईयों को नहीं छूने दिया रामपुर का बॉर्डर, आबिद रजा पहुंचे

पुलिस ने सपाईयों को नहीं छूने दिया रामपुर का बॉर्डर, आबिद रजा पहुंचे

लखनऊ से समाजवादी पार्टी का फरमान आया कि आजम खान के सम्मान में नेता रामपुर पहुंचें तो, रामपुर में स्थित जौहर विश्व विद्यालय में आयोजित होने वाले राजनैतिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आस-पास के जिलों के नेता और कार्यकर्ता दौड़ पड़े। पुलिस ने और बड़ा इंतजाम कर रखा था। पुलिस ने सपाईयों को रामपुर की सीमा तक भी नहीं पहुंचने दिया।

धर्मेन्द्र यादव काफिले के साथ दिल्ली से रामपुर जाने के लिए निकले तो, उन्हें पुलिस ने समर्थकों के साथ मुरादाबाद में ही रोक लिया और सभी को हिरासत में ले लिया, इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोंक-झोंक भी हुई। धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल व्याप्त है। प्रदेश का शासन व प्रशासन रामपुर में लगा हुआ है जबकि, उन्नाव की घटना के आरोपी पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी है। समाजवादी पार्टी से असमौली की विधायक पिंकी यादव के वाहन को पुलिस द्वारा टक्कर मार कर गिरा दिया गया। उन्नाव घटना के मुख्य आरोपी विधायक के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गयी है, इसके विपरीत उसको सम्मानित करने का काम भाजपा नेता कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में महिलायें असुरक्षित हैं, गाजीपुर से लेकर गाजियाबाद तक समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की हत्यायें की जा रही हैं। समाजवादी विचारधारा के लोगों को निशाना बनाकर उन्हें विभिन्न तरीकों से प्रताड़ित किया जा रहा है, इस अन्याय के खिलाफ हम सभी सपा कार्यकर्ता रामपुर में एक शान्ति मार्च में सम्मिलित होने जा रहे हैं परन्तु, मुरादाबाद के पुलिस-प्रशासन ने गैर कानूनी रूप से हम सभी को रोक लिया है। बोले- मुझे चाहे पैदल ही रामपुर जाना पड़े, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए हम सभी सपा कार्यकर्ता सड़कों पर सघंर्ष करने के लिए तैयार हैं।

इधर बदायूं सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव के नेतृत्व में सहसवान से विधायक व पूर्व राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव, पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव, सुरेशपाल सिंह चौहान, अशोक यादव, हरभान सिंह, प्रमोद यादव, गौरव साहनी, जमीर खां, सहदेव सिंह, खलील अहमद, गम्भीर यादव, चन्द्रकेश यादव को बिसौली कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया, कुछेक नेता पाकवाड़ा तक पहुंच गये तो, उन्हें वहां रोक दिया गया।

उधर सदर क्षेत्र के पूर्व विधायक व पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा रामपुर पहुंच गये, उन्होंने विधायक अब्दुल्ला आजम के साथ प्रदर्शन किया, इस दौरान उन्हें विधायक अब्दुल्ला आजम के साथ हिरासत में ले लिया गया और फिर सभी को बिना शर्त रिहा कर दिया गया। आबिद रजा ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान को बचाने के लिए दल-गत राजनीति से ऊपर उठ कर लोगों को आगे आना चाहिए।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply