पुलिस की निष्क्रियता से सर्राफा व्यवसाई के घर और शॉप में डकैती

पुलिस की निष्क्रियता से सर्राफा व्यवसाई के घर और शॉप में डकैती

बदायूं जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। कस्बे के बीच घनी बस्ती में बदमाशों ने पूरी तैयारी और इरादों से सर्राफ के घर और शॉप पर धावा बोल दिया। बेखौफ बदमाशों ने गैस कटर से घर के अंदर जाने का रास्ता बनाया और लाखों का माल लेकर आसानी से फरार हो गये। पुलिस अब लकीर पीटती नजर आ रही है।

बिल्सी थाने में लंबे समय से थानाध्यक्ष नहीं है, यहाँ अमर पाल सिंह यादव वैकल्पिक व्यवस्था संभाल रहे हैं, जिनकी गतिविधियाँ और कार्य प्रणाली विवादित है। समूचे थाना क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी ही नजर नहीं आ रही है। कस्बे के हालात और भी बुरे हैं। पुलिस की निष्क्रियता आम हो चुकी है, जिससे बदमाशों के हौसले और ज्यादा बुलंद हो गये हैं।

बेखौफ बदमाशों ने बीती रात करीब दो बजे सर्राफा व्यवसाई अमित वार्ष्णेय के घर और शॉप पर धावा बोल गया। घर और शॉप मुख्य बाजार में स्थित है। बदमाश सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े और फिर गैस कटर से गेट काट कर घर के अंदर आ गये। सशस्त्र बदमाशों ने परिजनों को तमंचों से डरा-धमका लिया और उनके मुंह पर टेप भी लगा दिया। चार बदमाश घर के अंदर थे एवं छत पर मकान के पीछे भी थे, जिससे बदमाशों की संख्या आधा दर्जन से अधिक मानी जा रही है।

बताते हैं कि अमित वार्ष्णेय शनिवार को बरेली से सोने-चांदी के गहने भी लेकर आये थे एवं शॉप में पहले से लाखों का माल था। महिलायें भी सोने-चांदी के गहने पहने थीं। बदमाशों ने महिलाओं के गहने उतार लिए एवं घर और शॉप में मौजूद गहने लूट कर आसानी से फरार हो गये। बदमाश दो घंटे से अधिक समय तक घर में रहे, इस दौरान दूर तक पुलिस नहीं थी।

दुस्साहसिक वारदात के चलते कस्बे के व्यापारी आक्रोशित हैं और घटना का खुलासा न होने तक प्रतिष्ठान न खोलने की बात कह रहे हैं। निष्क्रिय थाना पुलिस अब सिर्फ लकीर पीटती नजर आ रही है। एएसपी (ग्रामीण) डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि घटना का खुलासा करने के लिए टीम घटित कर दी गई है, वे बदमाशों को शीघ्र पकड़ने का दावा कर रहे हैं।

यह भी बता दें कि एक प्रभावशाली नेता जी को स्वजातीय चापलूस थानाध्यक्ष चाहिए, जिसके चलते बिल्सी में कोई स्वाभिमानी सब-इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर थाना प्रभारी नहीं बनना चाह रहा। नेता जी की जातिवादी सोच के दुष्परिणाम आम जनता भुगतने को मजबूर है। हालात ऐसे ही रहे तो, आम जनता आने वाले चुनाव में मुंहतोड़ जवाब दे सकती है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply