पुलिस मॉडर्न स्कूल में खुली कंप्यूटर लैब, गोष्ठी आयोजित की गई

पुलिस मॉडर्न स्कूल में खुली कंप्यूटर लैब, गोष्ठी आयोजित की गई

बदायूं के पुलिस लाइन परिसर में स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में दर्जा राज्यमंत्री वीएल वर्मा, विधायक महेश चंद्र गुप्ता और विधायक धर्मेन्द्र शाक्य द्वारा कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया गया। जिला स्तरीय किसान गोष्टी आयोजित की गई, जिसमें किसानों को महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

नव-निर्मित पुलिस मॉडर्न स्कूल की कंप्यूटर लैब में में 19 कंप्यूटर तथा 1 लैपटॉप लगाये गए हैं, जिसमें पुलिस मार्डन स्कूल के बच्चों को शिक्षा के साथ कंप्यूटर का ज्ञान भी देना अति आवश्यक हो गया है। आज मानव की कंप्यूटर तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता बढ़ती जा रही है। कोई भी अपने जीवन की कल्पना बिना कंप्यूटर के नहीं कर सकता, सोशल नेटवर्क ने हर जगह अपने पैर पसार लिये हैं, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थीयों के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है, प्रोजेक्ट बनाने के लिये, कविता सीखने के लिये, कहाँनियों के लिये, परीक्षा संबंधी नोट्स डाउनलोड करने के साथ अन्य तमाम कार्य कंप्यूटर से बेहद कम समय में कर सकते हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के निमंत्रण पर दर्जा राज्यमंत्री वीएल वर्मा, विधायक महेश चंद्र गुप्ता और विधायक धर्मेन्द्र शाक्य द्वारा दोपहर करीब 11: 30 बजे लैब का उद्घाटन किया गया, इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव तथा श्रेत्राधिकारी लाइन भूषण वर्मा सहित अन्य तमाम अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

उधर बुधवार को ही कलेक्ट्रेट में जनपद स्तरीय किसान गोष्ठी का सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व विधायक योगेंद्र सागर एवं जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने फीता काटकर शुभारंभ किया, इस दौरान विद्युत विभाग द्वारा हुए हानि का मुआवजा सात किसानों को दिया गया। बताया गया कि किसानों को फसल संबंधी किसी प्रकार की समस्या हो तो, तत्काल टोल फ्री नंबर 1551 पर कॉल कर सकते हैं। किसान 12 रुपए एवं 333 रुपए का वार्षिक बीमा अवश्य करायें।

जनपद स्तरीय गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए सदर विधायक एवं समस्त विधायकगणों ने कृषि विभाग द्वारा तैयार की गई कृषि से संबंधित पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक से किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारियां प्राप्त हो सकेंगी। सदर विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार किसानों के प्रति बड़ी चिंतित है कि 2022 तक आय दोगुनी कैसे की जाए। इसके लिए सरकार विभिन्न प्रकार की अनुदान संबंधी योजनाएं चला रही है। इसका किसान लाभ उठाकर अपनी आय को दोगुना करें। उन्होंने कहा कि जब तक देश में हरियाली तथा खुशियाली नहीं होगी तब तक, देश में चैन-अमन नहीं होगा। सभी लोग दी गई जिम्मेदारी को सही ढंग से निभाने लगें तो, भारत फिर से विश्व गुरु बन जाएगा।

शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य ने कहा कि देश की 80 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। समस्त किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती करके कम लागत में ज्यादा उपज पैदा कर अपनी आय बढ़ाएं। पूर्व विधायक योगेंद्र सागर ने कहा कि कृषि बहुत ही महत्वपूर्ण है। देश की जनसंख्या बढ़ती जा रही है और कृषि का क्षेत्रफल घटता जा रहा है, ऐसी स्थिति में तकनीकी खेती करें, सभी किसानों को लाभ होगा।

जिलाधिकारी ने किसानों को बताया कि सभी किसान 12 रुपए वार्षिक बीमा अवश्य कराएं। दुर्घटना से मृत्यु होने पर बीमा कंपनी परिवार को दो लाख रुपए देती हैं। उन्होंने बताया कि 333 रुपए वार्षिक बीमा कराने पर किसी भी प्रकार से मृत्यु हो जाने पर दो लाख रुपए परिवार को मिलते हैं। उन्होंने किसानों को बताया बीमा कराने के लिए बैंक में जाकर एक फॉर्म भरना पड़ता है। फॉर्म भरने के बाद बैंक किसान के खाते से पैसे काट लेती हैं और उनका बीमा हो जाता है। किसानों को जैविक खेती एवं बागवानी के लिए प्रेरित किया।

जिला उद्यान अधिकारी आरएन वर्मा ने किसानों को बताया कि ड्रिप सिंचाई के लिए एक हेक्टेयर पर 1.20 लाख रुपए का खर्च आता है। सरकार द्वारा किसान को 1.16 लाख रुपए की सब्सिडी दी जाती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ पाने के लिए किसान को ऑन लाइन पंजीकृत अवश्य कराना होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रभाशंकर वर्मा, प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)