प्रियंका गांधी से सवाल करने वाले धर्मेन्द्र यादव खुद भाजपा के मददगार हैं: आबिद

प्रियंका गांधी से सवाल करने वाले धर्मेन्द्र यादव खुद भाजपा के मददगार हैं: आबिद

बदायूं लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से सवाल पूछा था। धर्मेन्द्र यादव द्वारा किये गये के सवाल कांग्रेस के प्रांतीय प्रवक्ता आबिद रजा सामने आ गये हैं। आबिद रजा ने धर्मेन्द्र यादव पर जोरदार हमला किया है।

आबिद रजा ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी देश की बड़ी व लोकप्रिय नेता है। प्रियंका गांधी ने यह बयान दिया कि वह मर जाना पसंद करेंगी बीजेपी को किसी हाल मे फायदा नहीं पहुंचने देंगी, बीजेपी से आखिरी सांस तक संघर्ष करेंगी, इस बयान पर सांसद धर्मेन्द्र यादव को अभी यह हक हासिल नहीं हुआ है कि वे प्रियंका गांधी से सवाल पूछें, क्योंकि धर्मेन्द्र यादव अभी इस स्तर के नेता नहीं बने हैं, वह अभी सिर्फ सांसद हैं।

उन्होंने कहा कि धर्मेन्द्र यादव ने अपने चुनाव में जनता में यह प्रचार किया है कि वह 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जायेंगे। धर्मेन्द्र यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के लिए गोटें बैठाना भी शुरू कर दी हैं, हम भी चाहते हैं कि धर्मेन्द्र यादव का सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का सपना जरूर पूरा हो, इसके लिए हम उन्हें एडवांस मे मुबारकबाद देते हैं पर, जिस दिन वह अखिलेश यादव को हटाकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जायें, उस दिन उनको प्रियंका गांधी से सवाल पूछने का हक हासिल होगा।

बदायूं, सहारनपुर, मुरादाबाद, फर्रूखाबाद, बिजनौर पर धर्मेन्द्र यादव के सवाल का जवाब देते हुए आबिद रजा ने कहा कि सहारनपुर में इमरान मसूद को 2014 में लगभग 5 लाख वोट मिले थे, वह दूसरे नम्बर पर रहे थे, मुरादाबाद मे इमरान प्रतापगढ़ी का टिकट पहले कांग्रेस ने घोषित किया, बिजनौर मे नसीम उद्दीन सिद्दीकी का टिकट पहले कांग्रेस ने घोषित किया था, फर्रूखाबाद से सलमान खुर्शीद कई बार चुनाव लड़ते रहे हैं, वहां से वह कई बार सांसद व केन्द्रीय मंत्री रह चुके हैं। बदायूं से सलीम शेरवानी पांच बार सांसद रह चुके हैं, केन्द्रीय मंत्री भी रह चुके हैं, यह सभी नेता इन क्षेत्रों से पहले भी कांग्रेस के प्रत्याशी रह चुके हैं तथा इन क्षेत्रों से सांसद रह चुके हैं तो, इन नेताओं को कांग्रेस पार्टी ने टिकट देकर क्या गलत किया है। गठबंधन ने जरूर इन नेताओं को हराने के लिए और भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसे प्रत्याशी उतारे हैं, जिससे कांग्रेस के प्रत्याशियों को नुकसान हो।

उन्होंने कहा कि मैं धर्मेन्द्र यादव से पूछना चाहता हूँ कि वर्ष- 2009 में जब सलीम इकबाल शेरवानी कांग्रेस के टिकट पर बदायूं से चुनाव लड़ रहे थे तब, आपने भाजपा की मदद ली थी या नहीं? आपको वर्ष- 2009 में भाजपा का वोट ट्रांसफर नहीं होता तो, आप चुनाव नहीं जीत पाते। वर्ष- 2017 के विधान सभा के चुनाव में भी आपने शेखूपुर, बदायूं, बिसौली, गुन्नौर और बिल्सी विधान सभा क्षेत्रों में भाजपा को जितवाने में मदद की ताकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा नेता आपकी मदद कर सकें। आपने 2017 के विधान सभा के चुनाव मे पांच सपा विधायकों को हरवाकर 2009 का भाजपा का कर्जा चुकाया ताकि, 2019 में आपकी सीट भाजपा की मदद से सेफ जोन मे रह सके।

आबिद रजा ने कहा गठबंधन सीबीआई व ईडी के डर से कांग्रेस प्रत्याशियों को हराकर भाजपा को खुश करना चाहता है। पूरे देश मे भाजपा से सिर्फ कांग्रेस लड़ रही है तथा नरेंद्र मोदी से सिर्फ राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ईमानदारी से लड़ने का काम कर रहे हैं, यह देश की जनता अच्छी तरह से जानती है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply