
बदायूं लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद धर्मेन्द्र यादव की चेतावनी और लोकप्रिय युवा सपा नेता ब्रजेश यादव की कड़ी मेहनत के चलते बदायूं विधान परिषद क्षेत्र से सदस्य पद के सपा प्रत्याशी बनवारी सिंह यादव रिकॉर्ड मतों के अंतर से विजयी घोषित हुए हैं। सपा प्रत्याशी की जीत पर जिले भर के सपा कार्यकर्ता झूम उठे, साथ ही मिष्ठान वितरण कर जगह-जगह खुशी व्यक्त की गई।
उल्लेखनीय है कि सांसद धर्मेन्द्र यादव ने सभी नेताओं को चुनाव में सपा प्रत्याशी के पक्ष में मेहनत करने के निर्देश दिए थे, साथ ही गुटबाजी को लेकर चेतावनी भी दी थी, जिससे अधिकाँश नेता एकजुट रहे। हालाँकि कुछेक नेताओं ने कड़ी मेहनत नहीं की, पर विरोध में जाने का दुस्साहस कोई नेता नहीं जुटा पाया, जिससे जिले भर के नेता और कार्यकर्ता एकमत से सपा प्रत्याशी को जिताने में जुटे रहे।
इसके अलावा जिले में सर्वाधिक मेहनत करते हुए लोकप्रिय युवा सपा नेता ब्रजेश यादव ही नजर आये। अन्य नेता जितनी मेहनत कर रहे थे, उससे कहीं ज्यादा दिखावा करते नजर आ रहे थे। सांसद धर्मेन्द्र यादव और सपा प्रत्याशी बनवारी सिंह यादव की नजर में अपने नंबर बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान देते दिख रहे थे, लेकिन ब्रजेश यादव दिखावे से दूर वास्तविक मेहनत करते दिख रहे थे। वे रात-दिन सपा प्रत्याशी के पक्ष में जुटे दिखे, जिसका सकारात्मक परिणाम यह हुआ कि उनके बेहद प्रभाव वाले क्षेत्रों में सपा बहुत अच्छी स्थिति में रही है। सपा प्रत्याशी बनवारी सिंह यादव को 1723 मत प्राप्त हुए हैं, वहीं भाजपा प्रत्याशी जितेन्द्र यादव को मात्र 416 मत ही मिले हैं, जिससे बनवारी सिंह यादव 1307 मतों के बड़े अंतर से विजयी घोषित हुए हैं, इस विशाल जीत का श्रेय सांसद धर्मेन्द्र यादव के बाद ब्रजेश यादव को ही जाता है। बता दें कि ब्रजेश यादव वर्तमान में डीसीबी के जिलाध्यक्ष हैं, साथ ही ग्राम्य विकास राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव के बेटे एवं बनवारी सिंह यादव के दामाद हैं।
संबंधित खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें लिंक
आदर्श आचरण के चलते राजनीति में ब्रजेश यादव का कद बढ़ा