संगठन और सरकार में अहम दायित्व निभाते रहे हैं नितिन नबीन

संगठन और सरकार में अहम दायित्व निभाते रहे हैं नितिन नबीन

भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा कर के सभी को स्तब्ध कर दिया है। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा ने बड़ा दायित्व देते हुए कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया है। बिहार की राजनीति में सक्रिय नितिन नबीन के नाम उल्लेखनीय कार्य दर्ज हैं, वे वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री का दायित्व संभाल रहे हैं। बिहार के बांकिपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक चुने जा चुके नितिन नबीन ने को राजनीति पिता से विरासत में मिली है, वे संगठन व सरकार में अहम भूमिका निभाते रहे हैं।

नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को पटना में हुआ था, उनके पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता और बांकिपुर से विधायक रहे हैं, उनकी माँ मीरा सिन्हा हैं, नितिन नबीन ने 12वीं तक की पढ़ाई सीएसकेएम पब्लिक स्कूल- दिल्ली से की है। पिता के निधन के बाद वर्ष- 2006 में पटना पश्चिम (बांकिपुर) से हुए उप-चुनाव में नितिन नबीन पहली बार विधायक चुने गये थे, इसके बाद उन्होंने 2010, 2015 और 2020 में लगातार चुनाव जीता। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर बांकिपुर से जीत दर्ज की, इस चुनाव में उन्हें 98,299 वोट मिले और उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51,936 वोटों से हराया, वे वर्तमान में बिहार के पथ निर्माण मंत्री हैं, इससे पहले, वे 2021-2022 के दौरान भी मंत्री रह चुके हैं। 2024-2025 के बीच, वे नगर विकास एवं आवास तथा कानून एवं न्याय मंत्री रहे, इन विभागों में रहते हुए उन्होंने शहरी विकास और प्रशासनिक सुधारों पर विशेष रूप से कार्य किया।

नितिन नबीन भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार में अध्यक्ष रह चुके हैं, साथ ही भाजपा के सिक्किम में प्रभारी और छत्तीसगढ़ में सह-प्रभारी रहे हैं। बिहार में पत्रकारों की पेंशन बढ़ाने, आशा और ममता कार्यकर्ताओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को बढ़ाने जैसे कार्यों से चर्चाओं में रहे हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply