बदायूं विधान सभा क्षेत्र की तस्वीर बदलने को लगातार प्रयास करते रहने वाले पूर्व राज्यमंत्री एवं भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने एक और बड़ी सौगात दी है। विधान सभा क्षेत्र के गांव घोसपुर के प्रसिद्ध तपोसिद्ध मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा, इसके लिये शासन ने डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि की संस्तुति प्रदान कर दी है। प्राचीन मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विभाग के सहायक परियोजना अधिकारी राकेश कुमार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण लिया। प्राचीन मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किये जाने से क्षेत्र की जनता प्रसन्न दिखाई दे रही है।
प्राचीन तपोसिद्ध मंदिर को लेकर मान्यता है कि जो भी यहां आता है, उसकी मनोकामना पूर्ण होती है। महान संत तपोसिद्ध महाराज की पावन तपो स्थली पर पूर्व में कभी मां गंगा का प्रवाह भी था, इस स्थान का पौराणिक महत्व है, इसीलिये यहां पर दूर-दराज से लोग अपनी मनोकामना हेतु दर्शन करने आते हैं। प्राचीन मंदिर होने के कारण क्षेत्र के लोग इसको पर्यटक स्थल के रूप में विकसित कराये जाने की मांग करते आ रहे थे। पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक महेश चंद्र गुप्ता से लोगों ने इस प्राचीन मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित कराये जाने की मांग की थी।
महेश चंद्र गुप्ता ने जनता को आश्वासन दिया था कि उनका प्रयास रहेगा कि इस तपोसिद्ध बाबा के प्राचीन मंदिर को पर्यटक स्थल का दर्जा दिलायेंगे। पिछले दिनों महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से भेंट की थी, इस दौरान उन्हें पूरा प्रस्ताव दिया था। महेश चंद्र गुप्ता के प्रस्ताव पर तपोसिद्ध मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के लिये डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि की संस्तुति कर कर दी गई है। शासन के निर्देश पर रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विभाग के सहायक परियोजना अधिकारी राकेश कुमार और आर्किटेक्ट आदित्य साहू टीम के साथ यहां पहुंचे। परियोजना सहायक अधिकारी ने कौन-कौन से कार्य होंगे, इसे भी देखा और वहां उपस्थित लोगों से भी बात की।
प्राचीन मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किये जाने की सूचना मिलते ही गांव के तमाम लोग मंदिर परिसर में पहुंच गये, उन्होंने पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक महेश चंद्र गुप्ता का आभार जताया और उन्हें बधाई दी, वहीं महेश चंद्र गुप्ता का कहना है कि तपोसिद्ध बाबा के प्राचीन मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने हेतु उन्होंने शासन स्तर पर पहल की थी, जिसका असर अब जमीन पर दिखने लगा है। सरकार ने इसके लिए डेढ़ करोड़ की धनराशि दे दी है। पर्यटन विभाग की टीम ने पूरा खाका तैयार कर लिया है, शीघ्र कार्य शुरू हो जायेगा। प्राचीन मंदिर के पर्यटक स्थल के रूप में विकसित होने से विकास को भी गति मिलेगी और समूचे क्षेत्र का विकास होगा।
(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)