बदायूं के एनआईसी में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक में कई अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई लेकिन, इस दौरान केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के सामने आधा दर्जन नगर निकायों में एक सपा नेता को लगातार आउट सोर्स का ठेका देने का मुद्दा उछला तो, अफसर एक-दूसरे की बगलें झाँकने लगे। अफसरों ने आश्वासन दिया है कि प्रकरण की शीघ्र ही जाँच कराई जायेगी और यथोचित कार्रवाई की जायेगी।
सूत्रों का कहना है कि नगर निकायों का पटल देखने वाला एक बाबू और एक सपा नेता आधा दर्जन नगर निकायों में आउट सोर्स का ठेका साझे में चला रहे हैं। चूंकि आउट सोर्स के ठेके में बाबू ही बटाईदार है, इसलिये ईओ और चेयरमैन की तो बात ही छोड़िये, भाजपा के बड़े नेता भी कुछ नहीं कर पाते। भाजपा के कार्यकर्ता आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं लेकिन, उत्तर प्रदेश में भाजपा की दूसरी बार सरकार बनने के बावजूद सपा नेता जिले भर की निकायों में इस कदर हावी बताया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारियों का पीएफ और जीपीएफ तक का एकाउंट नहीं खोला गया है।
एनआईसी में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता वर्चुअली प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने की लेकिन, बैठक में केंद्रीय मंत्री वर्मा और पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक महेश चंद्र गुप्ता उपस्थित थे, इस दौरान डीएम को संबोधित करते हुये भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने आउट सोर्स वाला मुद्दा उठाया तो, बीएल वर्मा तक स्तब्ध रह गये, इस पर एडीएम (प्रशासन) सहित कोई अफसर सटीक जवाब नहीं दे पाया लेकिन, अफसरों ने बैठक में आश्वासन दिया कि शीघ्र ही पूरे प्रकरण की जाँच करायेंगे और यथोचित कार्रवाई करेंगे।
बैठक में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने विकास कार्यों और एसआईआर को लेकर चर्चा करते हुये कहा कि दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य होना चाहिये और आम जनता को कोई समस्या नहीं होनी चाहिये। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, जिलाधिकारी अवनीश राय, एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार, सीडीओ केशव कुमार और एडीएम (प्रशासन) अरुण कुमार सहित प्रमुख अफसर उपस्थित रहे।
(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)