जनपद के सर्वोच्च नेता केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने किया मेला ककोड़ा का उद्घाटन

जनपद के सर्वोच्च नेता केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने किया मेला ककोड़ा का उद्घाटन

बदायूं जिले के कादरचौक क्षेत्र में माँ भागीरथी के तट पर आयोजित होने वाला मेला ककोड़ा बड़ा राजनैतिक संदेश देने को जाना जाता है। जिसके आस-पास जनपद की सत्ता घूमती है, वही ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन करता रहा है। भारतीय जनता पार्टी में निर्विवाद रूप से केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ही शिखर पुरुष हैं, इस बार भी प्राचीन मेले का उद्घाटन बीएल वर्मा ने ही किया।

रूहेलखंड क्षेत्र में कुंभ के नाम से विख्यात कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर लगने वाले मेला ककोड़ा का आयोजन जिला पंचायत द्वारा किया जाता है। मेला ककोड़ा के स्थान को तीन दिन के लिए अस्थाई जिला मुख्यालय ही बना दिया जाता है। मेला ककोड़ा में जज, सांसद, विधायक, डीएम, एसएसपी, जिला पंचायत अध्यक्ष, सदस्य और ब्लॉक प्रमुखों के अस्थाई आवास बनाये जाते हैं। हर विभाग का कार्यालय बनाया जाता है। सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाता है, प्रदर्शनी लगाई जाती हैं। अस्थाई जेल भी बनाई जाती है। बच्चों, महिलाओं और युवाओं के मनोरंजन के साधन रहते हैं। खाने-पीने की व्यवस्था की जाती है। तीन दिनों के लिए एक बड़ा अस्थाई गांव ही बसा दिया जाता है। मेले में अधिकांश नेता और अफसर रहते हैं, जिससे मेला रजनैतिक शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बनता चला गया, इसीलिए मेले का उद्घाटन करना गौरव का विषय बन गया और इसीलिए आम जनता के मन में भी, यह बात बैठ गई कि मेला ककोड़ा का उद्घाटन करने वाला ही जनपद का सर्वोच्च नेता है।

मंगलवार को ऐतिहासिक मेला ककोड़ा का केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर उद्घाटन किया, इस अवसर पर भाजपा के बृज क्षेत्र के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा क्षेत्र प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह यादव, पूर्व एमएलसी जितेन्द्र यादव, डीएम अवनीश राय, एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह एवं एएमए दिनेश प्रताप सिंह सहित तमाम अधिकारी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई विकासपरक एवं लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का भी फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शनी के माध्यम से अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी आगामी 6 नवम्बर तक रहेगी।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply