दिल्ली में भी एक से बढ़ एक सनसनीखेज वारदात सामने आती ही रहती है। उत्तरी जिला के तिमारपुर क्षेत्र में 5 अक्तूबर की रात यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र रामकेश मीणा (32) की हत्या हुई थी। अब खुलासा हुआ है कि रामकेश की हत्या लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान (21) ने अपने पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप के साथ मिल कर की थी। रामकेश को मौत के घाट उतारने का तरीका जान कर लोग स्तब्ध दिखाई दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 5 अक्तूबर की रात को रामकेश की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या करने के बाद पेट्रोल डालकर कमरे में आग लगा दी, साथ ही रसोई से एलपीजी सिलेंडर को खोलकर आग में डाल दिया गया था। पूछताछ में अमृता ने अपराध स्वीकार करते हुये घटनाक्रम की जानकारी दी, उसने बताया कि वह मृतक रामकेश मीणा के साथ मई 2025 से रह रही थी। अश्लील फोटो और वीडियो डिलीट करने को कहा तो, वह तैयार नहीं हुआ, यह बात उसने अपने पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप को बताई। हत्या में सुमित ने अपने दोस्त संदीप को भी सम्मिलित कर लिया था। 5-6 अक्तूबर की रात तीनों ने रामकेश की गला दबाकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद कमरे में पेट्रोल और शराब डालकर शव को आग के हवाले कर दिया था। सुमित मुरादाबाद में गैस सिलेंडर का डिस्ट्रीब्यूटर है, उसने सिलेंडर खोलकर आग लगाई थी, ताकि विस्फोट होने से घटना हादसे में बदल जाये।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि 6 अक्तूबर की रात को गांधी विहार स्थित मकान नंबर- ई 60 की चौथी मंजिल पर आग लगने की खबर मिली थी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और आग बुझाने पर टीम को एक बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ था। मृतक की शिनाख्त रामकेश मीणा के रूप में हुई थी।
रामकेश यूपीएससी की तैयारी कर रहा था, शुरुआती जांच में हादसा ही माना गया था लेकिन, पुलिस ने छानबीन की तो, सीसीटीवी फुटेज में एक युवती और दो युवक वारदात के समय रामकेश के कमरे के पास देखे गये। जांच में लड़की की पहचान अमृता चौहान के रूप में हुई, उसकी लोकेशन वारदात वाली रात उसी क्षेत्र में पाई गई, जिससे घटना का खुलासा हो गया।
लिव-इन-रिलेशन, फिर हत्या
पुलिस ने हत्या की वारदात को सुलझाते हुये रामकेश की लिव-इन-पार्टनर सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, इनके नाम मुरादाबाद निवासी अमृता चौहान (21), सुमित कश्यप (27) और संदीप कुमार (29) हैं। बताया जा रहा है कि रामकेश के पास अमृता के अश्लील वीडियो और फोटो एक हार्ड डिस्क में थे, वह बार-बार मांग रही थी लेकिन, रामकेश फोटो-वीडियो नहीं दे रहा था, इसी बात पर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। जांच में सामने आया है कि आग लगाने से पहले आरोपितों ने हार्ड डिस्क, ट्रॉली बैग व अन्य सामान कमरे से निकाल लिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)