पति-पत्नी और वो, पति से सुलह के बाद बॉय फ्रेंड पीछे पड़ गया, दो की मौत

पति-पत्नी और वो, पति से सुलह के बाद बॉय फ्रेंड पीछे पड़ गया, दो की मौत

मध्य दिल्ली के नबी करीम क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात घटित हुई। प्रेम प्रसंग के विवाद के चलते दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतकों एक महिला और उसका पूर्व प्रेमी है और जो घायल है, वह मृतक महिला का पति है। मृतकों की पहचान आशु उर्फ शैलेंद्र (34), निवासी ए-34, अमरपुरी, नबी करीम और शालिनी (22), निवासी बगीची प्रताप नगर के रूप में हुई है। घायल का नाम आकाश (23), निवासी बगीची प्रताप नगर बताया गया है, जो शालिनी का पति है।

पुलिस के अनुसार घटना 18 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे की है। आकाश अपनी पत्नी शालिनी के साथ उसकी मां शीला से मिलने नबी करीम क्षेत्र में कुतुब रोड पर पहुंचा था, उसी समय आशु भी पहुंच गया और फिर आकाश पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया लेकिन, आकाश किसी तरह हमले में बच निकला, जिसके बाद ई-रिक्शा में बैठी शालिनी को देखकर आशु ने उस पर चाकू से कई वार किए। आकाश बीच-बचाव करने आया, इस दौरान आशु ने उसे भी चाकू मार दिया, इसके बाद आकाश ने आशु को काबू में किया और उसी चाकू से उस पर भी वार कर दिया। घायल शालिनी और आकाश को शालिनी के भाई रोहित ने एलएचएमसी अस्पताल पहुंचाया, वहीं आशु को पुलिस लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने शालिनी और आशु को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश का उपचार जारी है।

शालिनी की मां शीला का कहना है कि शालिनी और आकाश की शादी हो चुकी थी, उनके दो बच्चे हैं और शालिनी गर्भवती भी थी। शालिनी का आशु से संबंध था और जब वह आकाश से नाराज थी तो, वह कुछ समय के लिए आशु के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही थी, इसके बाद शालिनी ने आकाश से सुलह कर ली और आशु को छोड़ दिया, जिससे आशु नाराज था। सूत्रों के अनुसार आशु यह दावा करता था कि शालिनी के गर्भ में पल रहे बच्चे का वह पिता है। आशु और आकाश के बीच विवाद चल रहा था। आशु नबी करीम थाने का बीसी था, जबकि आकाश के विरुद्ध भी तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

नबी करीम थाना पुलिस ने मृतक शालिनी की मां शीला के बयान के आधार पर धारा- 103 (1), 109 (1) बीएनएस के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस विवेचना में जुटी हुई है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply