ब्रजेश यादव की सुरक्षा गार्ड्स की मौत की जाँच सेवानिवृत्त जज से कराने की मांग

ब्रजेश यादव की सुरक्षा गार्ड्स की मौत की जाँच सेवानिवृत्त जज से कराने की मांग

बदायूं जिले में उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़ा नरसिंहपुर में स्थित भारत मिंट केमिकल मेंथा ऑयल फैक्ट्री में 13 जनवरी को तीन सुरक्षा गार्ड्स के शव बरामद हुए थे। परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था और हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने चार लोगों के विरूद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि सुरक्षा गार्ड्स की मृत्यु अंगीठी से तापते समय दम घुटने से हुई है लेकिन, परिजन अभी भी अनहोनी होने की आशंका जता रहे हैं।

सोमवार को पीड़ित परिवार समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष यादव के साथ एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह से मिले थे। आशीष यादव ने निष्पक्ष जांच करवाने की मांग करते हुए कहा कि परिजन साक्ष्य के तौर पर घटना से पहले के ऑडियो-वीडियो दे रहे हैं, जो घटना को संदिग्ध दर्शाने को काफी हैं। यह भी बता दें कि मृतक मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव बसावनपुर निवासी जुगेंद्र यादव (30), मूसाझाग क्षेत्र के गांव मुड़सेना निवासी वीरभान यादव उर्फ भानू (32) और कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव पसेई निवासी विवेक यादव (28) थे, इनके परिवारों में अभी तक कोहराम मचा है।

उक्त हृदय विदारक घटना में सहसवान विधान सभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक ब्रजेश यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत से बंद फैक्ट्री में कार्य किया जा रहा था, जिससे स्थानीय प्रशासन से न्याय की आशा नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति से घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply