खुशखबरी: बदायूं शहर की तंग गलियों से अब ई-रिक्शा उठायेंगे कूड़ा

खुशखबरी: बदायूं शहर की तंग गलियों से अब ई-रिक्शा उठायेंगे कूड़ा

बदायूं शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और संकरी गलियों में कचरा उठाने की समस्या को दूर करने के लिये नगर पालिका परिषद ने सोमवार को एक नई पहल की शुरुआत की। नगर पालिका परिषद की ओर से खरीदे गये 29 ई-रिक्शा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, यह ई-रिक्शा अब बदायूं की उन गलियों से भी कचरा उठायेंगे, जहाँ बड़े वाहन नहीं पहुँच पाते हैं। समारोह के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव, सांसद आदित्य यादव, पूर्व मंत्री आबिद रजा और पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। पालिका कार्यालय परिसर में ई-रिक्शा के लिये चार्जिंग स्टेशन भी तैयार किया गया है।

राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है, जनता महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी चरम पर है, जबकि गरीब और किसान दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने और युवाओं को दो करोड़ नौकरियाँ देने का वादा किया था, न ही युवाओं को रोजगार मिला और किसान भी  खाद और डीएपी के लिये लंबी लाइनों में खड़े हैं। इतिहास में ऐसी स्थिति कभी नहीं रही। शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार सिर्फ पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। देश को दो गुजराती और दो पैसे वाले लोग चला रहे हैं। सरकार गरीबों, छात्रों और बेरोजगारों की नहीं सुन रही। यही वजह है कि देश में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर है और गरीब परेशान है। गरीबों के हित और देश के विकास के लिये समाजवादियों को एकजुट होना पड़ेगा। अगर, ऐसा नहीं हुआ तो, जनता फैसला करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि सरकार केवल पूंजीपतियों के लिये काम कर रही है, जो दिन-प्रतिदिन अमीर होते जा रहे हैं, जबकि गरीब वर्ग लगातार पिसता जा रहा है।

सांसद आदित्य यादव ने नगर पालिका परिषद की पहल की सराहना करते हुये कहा कि यह कदम बदायूं को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभायेगा। उन्होंने कहा कि यह ई-रिक्शा उन गलियों में जाकर कचरा उठायेंगे, जहाँ बड़े वाहन नहीं पहुँच सकते। नगर पालिका परिषद का यह प्रयास काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनहित के कार्यो में आगे है और जनता की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है।

पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर यह फातिमा रजा का ऐतिहासिक कदम है लेकिन, शहर के कूड़ा उठाने के साथ-साथ दिलों की गंदगी भी दूर करके आपस में हर मजहब के लोग दिलों को भी साफ करें, दिलों में मोहब्बत पैदा करें, वर्तमान में नौजवान, गरीब किसान, सब परेशान हैं। एसआईआर प्रदेश में शुरू होने से प्रत्येक व्यक्ति को अपने वोट के अधिकार के लिये सभी कागज तैयार करने चाहिये, उन्होंने कहा कि “ह” से हिन्दू और “म” से मुसलमान होता है, जब “ह” और “म” मिलकर हम बनेंगे तभी देश तरक्की करेगा।

पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि नगर की तंग गलियों और वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिये यह बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि पालिका ने इन वाहनों को डोर-टू-डोर कचरा उठाने के लिए क्रय किया है। अब कोई भी गली सफाई से वंचित नहीं रहेगी, इन ई-रिक्शा की मदद से हर घर से कचरा एकत्र होगा और नालियों में गंदगी जमने की समस्या काफी हद तक खत्म होगी, उन्होंने कहा कि यह योजना पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल है, क्योंकि ई-रिक्शा से धुआं या प्रदूषण नहीं फैलता। हमारा उद्देश्य शहर को स्वच्छ और हरित बनाना है। बदायूं को मॉडल नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।

नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार बदायूं में लंबे समय से तंग गलियों में कचरा उठाने की दिक्कत बनी हुई थी। बड़ी गाड़ियों के न पहुँच पाने से नालियाँ जाम रहती थीं और दुर्गंध से लोगों को परेशानी होती थी। अब इन ई-रिक्शा के माध्यम से हर वार्ड में नियमित रूप से कचरा उठाया जायेगा। इन वाहनों के लिए चालक और सफाई कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि सफाई कार्य सुचारु रूप से चले। पालिका परिसर में बनाये गये चार्जिंग स्टेशन पर एक साथ कई ई-रिक्शा चार्ज किये जा सकेंगे। यह पहल न केवल सफाई में सुधार लायेगी बल्कि, रोजगार के नये अवसर भी पैदा करेगी।

इस मौके पर पूर्व सपा जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, पूर्व डीजीसी जवाहर सिंह यादव, सांसद पीआरओ अवधेश यादव, साजिद नेता, अशोक खुराना, बलवीर सिंह यादव, मोतशाम सिद्दीकी, ओमवीर सिंह यादव, शशांक यादव, स्वाले चैधरी, मोहम्मद मियां, सुमेन्द्र यादव, अन्जर खां, पप्पन पीर जी, मुशाहिद पीरजी, फिरोज अंसारी, समर खां, मोहम्मद नौमान, पूर्व सभासद अनवार मास्टर, माजिद, शोहराब, अफसर अली खां, सभासद अनवर खां, ग्रीश शुक्ला, नवेद, छोटा, प्रेमलता, भाग देवी, वसीम सैफी, कौसर अली खां, फूल बानो, सन्तोष कष्यप, राजकुमार, जलकल अभियन्ता नितिन सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, कर निर्धारण अधिकारी चन्द्र भूषण, लवी कुमार और लिपिक सचिन सक्सेना सहित समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन फरहत सिद्दीकी ने किया।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply