प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर बहन बन रही है आत्मनिर्भर भारत की शक्ति

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर बहन बन रही है आत्मनिर्भर भारत की शक्ति

बदायूं क्लब में भाजपा द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला सम्मेलन में प्रदेश मंत्री एवं हाथरस की विधायक अंजुला महौर, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव एवं पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने संबोधित किया। अंजुला महौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किये हैं।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, मुद्रा लोन, स्टार्टअप इंडिया और महिला स्वयं सहायता समूह योजनाओं ने करोड़ों बहनों के जीवन में आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई ज्योति जगाई है। उन्होंने कहा कि जब हर महिला आत्मनिर्भर बनेगी तभी आत्मनिर्भर भारत का संकल्प साकार होगा, साथ ही कहा भाजपा सरकार ने मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल के माध्यम से हर बहन को स्वदेशी उत्पादों से रोजगार और सम्मान, दोनों दिया है, आज महिलायें अपने घरों से ही छोटे उद्योग, हस्तशिल्प, कुटीर व हस्तनिर्मित उत्पादों के द्वारा देश की आर्थिक शक्ति बन रही हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार महिलाओं के लिये शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सतत कार्य कर रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये ऐतिहासिक पहल की है, आज हर गांव की बेटी शिक्षा, रोजगार और सम्मान के साथ आगे बढ़ रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो महिलाओं को सम्मान और जिम्मेदारी दोनों देती है। आत्मनिर्भर भारत अभियान से महिलायें न सिर्फ आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं बल्कि, सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत भी बन रही हैं। आज की नारी सिर्फ घर नहीं, देश भी संभाल रही है, यही नये भारत की पहचान है।

पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर आज महिलायें वोकल फॉर लोकल के माध्यम से नये भारत की आर्थिक क्रांति की आधारशिला बन रही हैं। डबल इंजन की भाजपा सरकार ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये, जो प्रयास किये हैं, वे अभूतपूर्व हैं। आज हमारी बहनें अपने हुनर, हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों के बल पर परिवार ही नहीं, समाज और देश को भी आत्मनिर्भर बना रही हैं।

महिला सम्मलेन कार्यक्रम में अमिता उपाध्याय, सीमा राठौर, प्रमिला गुप्ता, नैना गुप्ता, अनुपम पाठक, तारा राठौर, ज्ञानवती सागर, रेखा भारती, विचित्रा पटेल, सरला देवी, विनीता पाठक, रजनी मिश्रा, रेनू सिंह, रानी सिंह पुंडीर, मोनिका गंगवार और करुणा सोलंकी सहित पदाधिकारी व बड़ी संख्या में स्त्रियाँ उपस्थित रहीं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply