भाजपा के मंडल अध्यक्ष को बेरहमी से पीटने पर जिलाध्यक्ष ने हिला दिया सिस्टम

भाजपा के मंडल अध्यक्ष को बेरहमी से पीटने पर जिलाध्यक्ष ने हिला दिया सिस्टम

बदायूं शहर की सड़कों पर रात होते ही दबंगों, शराबियों और असामाजिक तत्वों का कब्जा हो जाता है। अधिकांश तिराहों-चौराहों पर शराबी खुलेआम शराब पीते हुये दिख जायेंगे। सोमवार की रात में संतोष सिंह की तिराहे पर बाइक सवारों में बेल्ट से मारपीट हुई थी, जिसे उधर से निकल रहे पीएसी के जवानों ने रोका था। अब पता चला है कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष को ही बेरहमी से पीटा गया था। गंभीर रूप से घायल मंडल अध्यक्ष का उपचार चल रहा है। सूचना भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता को मिली तो, उन्होंने समूचा सिस्टम ही हिला दिया। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने एक सब-इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के सन्तोष सिंह तिराहे के पास नेकपुर निवासी आदित्य यादव और उसके साथी आदर्श नगर निवासी मयंक सक्सेना के साथ मारपीट कर रहे थे। उधर से गुजर रहे भाजपा के मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो, उन्हें भी पीटा गया, इस घटना की सूचना भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता को मिली तो, उन्होंने समूचा सिस्टम ही हिला दिया, उन्होंने रात में ही मयंक सक्सेना की तहरीर पर सिविल लाइंस में मुकदमा अपराध संख्या- 528/2025 बीएनएस की धारा- 191 (2), 191 (3), 190, 131, 109, 115 (2), 352, 351 (2), 324 (4), 118 (1), 309 (5) के अंतर्गत दर्ज कराया। पुलिस ने हर्षित गुप्ता, ऋषभ यादव, आदित्य यादव, और आयुष दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया, साथ ही चाकू भी बरामद करते हुये आरोपितों को जेल भेज दिया है।

इधर एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुये चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह, सिपाही सोवेन्द्र बैसला और सिपाही अंकुर कुमार को निलंबित कर दिया, साथ ही सीओ को विभागीय जाँच सौंपी है। उक्त घटना के संबंध में यह भी बताया जा रहा है कि मारपीट हो रही थी, उसी समय भाजपा के एक एमएलसी और कई पदाधिकारी उधर से निकल रहे थे, उन्होंने भाजपा के मंडल अध्यक्ष को पहचान लिया तो, कार रुकवा कर झगड़ा बंद कराया था और गनर ने दूसरे पक्ष को भगा दिया था, इसके बाद एमएलसी चले गये तो, दूसरा पक्ष पुनः लौट कर आया, इसके बाद मंडल अध्यक्ष की बेरहमी से पिटाई लगाई थी, इसीलिये घटना और अधिक गंभीर हो गई है, क्योंकि यह दुस्साहस की पराकाष्ठा पार करने वाली बात है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply