अखिलेश यादव ने बढ़ाया ब्रजेश यादव का कद, चार्टेड प्लेन में साथ ले गये

अखिलेश यादव ने बढ़ाया ब्रजेश यादव का कद, चार्टेड प्लेन में साथ ले गये

बरेली में निजी कार्यक्रमों में सम्मिलित होने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहुंचे तो, मंडल भर के चुनिदा नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। समाजवादी पार्टी के विधायकों और सांसदों में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का सानिध्य पाकर जोश आ गया। अखिलेश यादव ने प्रमुख नेताओं से भेंटवार्ता की एवं निजी कार्यक्रमों में सहभागिता की, इस दौरान वे कार्यकर्ताओं को समय नहीं दे पाये, जिससे कुछ कार्यकर्ता मायूस भी दिखाई दिये।

दोपहर बाद शाम के समय लगभग चार बजे अखिलेश यादव चार्टेड प्लेन से लखनऊ के लिये रवाना होने वाले थे, इससे पहले बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के लोकप्रिय विधायक ब्रजेश यादव के पास सूचना पहुंची कि उन्हें भी चार्टेड प्लेन में अखिलेश यादव के साथ जाना है तो, वे सब कुछ छोड़ कर आनन-फानन में प्लेन के पास पहुंच गये। अखिलेश यादव द्वारा चार्टेड प्लेन में अपने साथ ले जाने से विधायक ब्रजेश यादव का कद और बढ़ा हो गया है, जिससे उनके समर्थकों में भी जोश आ गया है।

उल्लेखनीय है कि बदायूं जिले की समाजवादी पार्टी में एक बड़े नेता ने दो गुट बना दिये थे और एक गुट को बड़े नेता द्वारा लगातार ऊर्जा दी जा रही थी, जिससे एक गुट सोशल साइट्स पर समाजवादी पार्टी का जिलाध्यक्ष बदलने की अफवाह लगातार फैला रहा था, साथ ही शेखूपुर विधान सभा क्षेत्र के विधायक हिमांशु यादव और सहसवान विधान सभा क्षेत्र के विधायक ब्रजेश यादव का टिकट कटने की भी अफवाह लगातार फैलाई जा रही थी, जिससे समाजवादी पार्टी के समर्थकों में मायूसी देखी जा रही थी लेकिन, सांसद आदित्य यादव और राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव की संस्तुति पर प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष आशीष यादव को छोड़ कर शेष कार्यकारिणी भंग कर दी तो, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता झूम उठे और यह संदेश भी चला गया कि न आशीष यादव हटेंगे और न ही हिमांशु यादव और ब्रजेश यादव का टिकट कटेगा, ऐसे असमंजस भरे वातावरण में अखिलेश यादव अपने साथ विधायक ब्रजेश यादव को लखनऊ ले गये तो, उनका कद और बड़ना स्वाभाविक ही है, इसकी सूचना मिलते ही न सिर्फ सहसवान क्षेत्र में बल्कि, जिले भर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता प्रसन्न हैं और अखिलेश यादव की यह कहते हुए प्रशंसा भी कर रहे हैं कि उन्हें हर जिले की जमीनी हकीकत पता है, वे लोकप्रिय और जमीन से जुड़े नेताओं के बारे में सच जानते हैं।

इस बारे में विधायक ब्रजेश यादव ने कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया लेकिन, उनके मौन से ही स्पष्ट है कि वे अखिलेश यादव के चहेते विधायकों में से एक हैं। माना जा रहा है कि अब बदायूं जिले की राजनीति में जमीन पर कार्य न करने वाले लोगों को पूरी तरह से किनारे किया जायेगा और समाजवादी पार्टी को मजबूत करने वालों को विशेष दायित्व और विशेष सम्मान दिया जायेगा। सूत्रों का कहना है कि प्लेन में अखिलेश यादव ने विधायक ब्रजेश यादव के साथ कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा की।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply