अयोध्या धाम एक बार फिर आस्था, श्रद्धा और भक्ति के दीपकों से न सिर्फ जगमगा उठा बल्कि, एक और नया रिकॉर्ड बन गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू तट पर मां सरयू की आरती कर दीपोत्सव- 2025 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामभक्तों के लहू से लथपथ की गई यह नगरी आज दीपों के सागर में नहा रही है और यही नया भारत है, जो अपनी आस्था, अस्मिता और विकास, तीनों में आत्मविश्वास से जगमगा रहा है।
सरयू घाट पर मंत्रियों, विधायकों और अन्य तमाम जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूजन व आरती की, इसके बाद राम कथा पार्क में जन समूह को संबोधित करते हुये कहा कि दीपोत्सव का यह नवां संस्करण उत्तर प्रदेश की नई पहचान है। उन्होंने उपस्थित रामभक्तों से स्मार्टफोन की लाइट जलाकर जय श्री राम का उद्घोष करने को कहा, जिससे पूरा पार्क ज्योति से जगमगा उठा।
उत्साहित मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या को अपमान से मुक्ति दिलाई है। पहले जो लोग आस्था का मजाक उड़ाते थे, राम भक्तों और कार सेवकों से पटी अयोध्या की गलियों को लहूलुहान करते थे, आज उन्हें 26 लाख 17 हजार से अधिक दीपों की यह रोशनी चुभ रही है, यह दीप स्थानीय प्रजापति समुदाय के परिश्रम से बने हैं, जो रोजगार का स्रोत भी हैं लेकिन, रामद्रोही इसे पचा नहीं पा रहे।
उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि पर पहला दीप प्रज्वलित करने का सौभाग्य उन्हें मिला। रामलला का भव्य मंदिर भारत की आस्था का सम्मान है, जो एक भारत-श्रेष्ठ भारत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राम को नहीं मानने वाले, भक्तों पर गोलियां चलवाने वाले और अयोध्या को लहूलुहान करने वालों को यह रास नहीं आ रहा है, यह लोग पहले सत्ता में रहकर दीपावली से दूरी बनाते थे लेकिन, सैफई में और कब्रिस्तान की बाउंड्री पर करोड़ों खर्च करते थे। अपने जन्मदिन पर बर्किंघम की बग्घी पर सवारी कर जनता को गुलामी की मानसिकता में धकेलते थे। अब वे फिर जातिवाद और विद्वेष के जाल में जनता को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे रामद्रोही दीपोत्सव को कैसे पसंद करेंगे
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अंधकार से उजाले की ओर बढ़ रहा है। दीपोत्सव जनता के सहयोग से वैश्विक पहचान बना रहा है। सरकार बिना रुके, बिना झुके विकास की यात्रा जारी रखेगी। भारत एक रहेगा तो, कोई आस्था का अपमान नहीं कर पायेगा। लाखों श्रद्धालु इस कार्यक्रम के साक्षी बने, जो संतों, अधिकारियों और सलाहकारों की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपोत्सव की शुभकामनायें दीं।
नौवें दीपोत्सव में भी बना विश्व रिकार्ड
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस भव्य दीपोत्सव को देखा और एक साथ एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलन होने पर विश्व कीर्तिमान का दर्जा दिया। 26 लाख 17 हजार 215 दीप जलाये गये। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि की ओर से हुई घोषणा के दौरान ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अभिभूत हो गये। पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह व प्रमुख सचिव (पर्यटन-संस्कृति) अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रमाण पत्र सौंपा। योगी आदित्यनाथ ने दोनों प्रमाण पत्र ऊपर उठाकर सभी का अभिवादन करते हुये प्रसन्नता व्यक्त की।
(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)